त्योहारों पर जौनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बिजली से लेकर कानून-व्यवस्था तक रहेगी प्रशासन की नजर


त्योहारों पर जौनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बिजली से लेकर कानून-व्यवस्था तक रहेगी प्रशासन की नजर
.धनतेरस, दीपावली और छठ को लेकर शांति समिति की बैठक; बाजारों में पुलिस तैनाती, मिलावटखोरों पर छापेमारी और अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक के निर्देश
.कर्मचारियों का वेतन दीपावली से पहले देने पर जोर, एसएसपी ने APK फाइल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की दी नसीहत
जौनपुर। धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मार्गों और बाजारों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।
विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को बदलने तथा त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका एवं अन्य नगर निकायों को बाजारों, प्रमुख मार्गों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई, कूड़ा उठान, जलनिकासी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन देने के निर्देश: बैठक में जिलाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए सभी विभागों को अपने अधिकारियों, कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों का वेतन धनतेरस एवं दीपावली से पहले अनिवार्य रूप से भुगतान करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी भी अपने परिवार के साथ त्योहार हर्षोल्लास से मना सकें, इसके लिए समय से वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मिठाइयों में मिलावट और महंगे पटाखों की बिक्री पर रहेगी नजर: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा मिलावटखोरों के खिलाफ छापेमारी और नमूना संग्रह की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को बाजारों, दुकानों और पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थलों पर आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस विभाग को प्रमुख बाजारों, चौराहों, सर्राफा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थलों पर ही होगी।
दुकानों पर निर्धारित दरों की सूची प्रदर्शित करनी होगी, ताकि अधिक कीमत वसूलने की शिकायत न आए। प्रतिबंधित एवं अवैध पटाखों की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। साइबर ठगी से बचें, अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें : एसएसपी: बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने त्योहारों के दौरान साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। संदिग्ध लिंक, संदेश और कॉल से सावधान रहें। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किए किसी भी संदेश को आगे साझा न करें।उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
गैस की किल्लत न हो, सड़कों पर न दिखें निराश्रित गोवंश: जिलाधिकारी ने घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और कहीं भी अनावश्यक किल्लत न होने देने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को अपने सीयूजी मोबाइल नंबर चालू रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके। प्रमुख स्थानों पर आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।निराश्रित गोवंश को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाने और सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे गोवंश को पकड़कर गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित कराने को कहा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और आवागमन में होने वाली परेशानियों से बचा जा सके।बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने बाजारों की सफाई, सड़क मरम्मत, बिजली व्यवस्था, कूड़ा उठान और यातायात संबंधी समस्याएं भी उठाईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इनका तत्काल एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों, प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से सुरक्षा मानकों का पालन करने, अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।




