टॉप न्यूज़

वाराणसी एयर शो में कल PM मोदी, राजनाथ और CM योगी होंगे शामिल, जानें रूट डायवर्जन की पूरी व्यवस्था

विजय शंकर यादव उप संपादक

वाराणसी एयर शो में कल PM मोदी, राजनाथ और CM योगी होंगे शामिल, जानें रूट डायवर्जन की पूरी व्यवस्था

वाराणसी में 25 अक्टूबर को विंग्स ऑफ गंगेज थीम पर आयोजित एयर शो का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होगा. नमो घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और दर्शकों को ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की सलाह दी गई है –

 

 

वाराणसी. काशी में विंग्स ऑफ गंगेज थीम पर आयोजित तीन दिवसीय एयर शो का समापन रविवार, 25 अक्टूबर को होगा. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो घाट से एयर शो देखेंगे. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश के अन्य मंत्री भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.

पीएम के दौरे पर सुरक्षा व्यवस्था – 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दोपहर 12:45 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे. यहां से वह सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे. उनके गुजरने के दौरान संबंधित सड़क मार्ग पर यातायात रोका जाएगा. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान सहित अन्य नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है.

नमो घाट को एयर शो का मुख्य कार्यक्रम स्थल बनाया गया है. शनिवार को जिले के 32 विद्यालयों के 3,150 विद्यार्थियों को भी शो दिखाया जाएगा. कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए पिछले 15 दिनों से चयन प्रक्रिया चल रही थी. बच्चों को घाट तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है. जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है.

कहां से दिखेगा बेहतर नजारा –

एयर शो देखने के लिए गंगा पार डोमरी को प्रमुख स्थान बताया जा रहा है. दर्शकों के अनुभव के अनुसार, यहां से लड़ाकू विमानों के करतब नजदीक से देखने का मौका मिल रहा है. राजघाट और भैंसासुर घाट से भी विमानों की कलाबाजी का अच्छा दृश्य दिखाई दे रहा है. गाय घाट, पंचगंगा, सिंधिया घाट, ललिता घाट और दशाश्वमेध घाट से भी शो देखा जा सकता है.

ललिता घाट पर हेलीकॉप्टर से कमांडो के अभ्यास का नजारा देखने को मिलेगा. इसमें कमांडो रस्सी के सहारे हेलीकॉप्टर से क्रूज पर उतरेंगे. इसके उलट, अस्सी और केदारघाट पर शो देखने पहुंचे कुछ दर्शकों ने विमानों के कम दिखाई देने और बेहतर तस्वीरें नहीं मिल पाने की शिकायत की. दशाश्वमेध घाट पर पहुंचे लोगों ने कई विमानों को नजदीक से देखने की बात कही.

दर्शकों के लिए जरूरी निर्देश – 

24 और 25 अक्टूबर को एयर शो देखने के लिए गंगा पार जाने वाले लोगों को राजघाट पुल सुबह 10 बजे से पहले पार करने की सलाह दी गई है. यातायात डायवर्जन लागू होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो सकता है. डोमरी जाने के लिए सामनेघाट से रामनगर होते हुए पड़ाव मार्ग का विकल्प भी बताया गया है.

नमो घाट से शो देखने के लिए वायु सेना की ओर से जारी पास होना अनिवार्य है. पास पर जिस जोन का उल्लेख है, दर्शकों को उसी क्षेत्र में रहना होगा. पास धारकों को सुबह 9:30 बजे तक नमो घाट पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. यातायात पुलिस ने नमो घाट और आसपास कुल 10 पार्किंग स्थल बनाए हैं, जहां वाहन खड़े किए जा सकते हैं.

दर्शकों को तेज धूप से बचने के लिए छाता, टोपी और जरूरत के अनुसार काला चश्मा साथ रखने की सलाह दी गई है. लंबी पैदल दूरी और भीड़ को देखते हुए पानी की बोतल, कुछ खाने की सामग्री और सनस्क्रीन रखने की भी सलाह दी गई है.

अस्पताल और स्वास्थ्य टीमें अलर्ट – 

एयर शो के दौरान रेलवे स्टेशन से लेकर घाटों तक भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क है. पहले दिन कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेज धूप, भीड़ और विमानों की तेज आवाज को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के अनुसार, दर्शकों को सड़क से घाट तक पैदल चलना पड़ सकता है. घाटों पर बनाए गए अस्थायी अस्पतालों के अलावा मंडलीय और जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों की टीमें भी अलर्ट रहेंगी.

एयरपोर्ट पर उड़ानों का समय बदला – 

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी नहीं होने के कारण विमान संचालन सामान्य रहा. हालांकि, वाराणसी से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 526 परिचालन संबंधी कारणों से देरी से रवाना हुई. यह उड़ान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3:50 बजे रवाना होनी थी, लेकिन शाम 5:40 बजे उड़ान भर सकी.

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि 24 और 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नियमित विमानों का संचालन बंद रहेगा. इस अवधि में निर्धारित उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया है. यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान का संशोधित समय पता करने की सलाह दी गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!