टॉप न्यूज़

काशी में अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज, बोले- बाबा विश्वनाथ ने दी डबल हार और डबल जीरो

वाराणसी पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि काशी की जनता ने भाजपा को ‘डबल हार’ और ‘डबल जीरो’ दिया है। उन्होंने दिवंगत सपा नेता राजेश यादव के घर जाकर शोक संवेदना भी व्यक्त की।

 

 

वाराणसी : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने काशी प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर तीखा सियासी प्रहार किया है। बाबतपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी में जनता ने भाजपा को डबल हार और डबल ज़ीरो थमा दिया है। सपा प्रमुख ने विधान परिषद एमएलसी चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव—की ऐतिहासिक जीत का हवाला देते हुए सत्ताधारी दल के विकास दावों पर सवाल खड़े किए।

डबल इंजन का दावा करने वालों को जनता ने नकारा –

​अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग ‘डबल इंजन सरकार’ और ‘डबल रफ्तार’ के बड़े-बड़े दावे करते नहीं थकते थे, उन्हें काशी की जागरूक जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। जनता ने भाजपा के खोखले वादों और धरातल की हकीकत के अंतर को समझ लिया है, जिसके परिणामस्वरूप चुनाव में भाजपा का पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया। इससे पूर्व एयरपोर्ट पहुंचने पर सांसद वीरेंद्र सिंह, नवनिर्वाचित एमएलसी लाल बिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा, विधायक तूफानी सरोज और पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

​दिवंगत सपा नेता राजेश यादव को दी श्रद्धांजलि –

​हवाई अड्डे से निकलने के बाद अखिलेश यादव सीधे सीर गोवर्धनपुर डाफी स्थित दिवंगत सपा नेता राजेश यादव ‘नत्थू’ के आवास पहुंचे। हाल ही में दिल का दौरा पड़ने से राजेश यादव का असामयिक निधन हो गया था। सपा प्रमुख ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल पत्नी चंदा यादव, पिता बच्चा यादव, भाई बृजेश यादव, पुत्र साजन और बेटी से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है।

 

 

​पार्टी ने खोया एक समर्पित और सच्चा सिपाही – 

​परिजनों से बातचीत के दौरान भावुक हुए अखिलेश यादव ने कहा कि राजेश यादव के रूप में समाजवादी पार्टी ने अपना एक समर्पित और सच्चा सिपाही खो दिया है, जिसकी क्षतिपूर्ति संभव नहीं है। राजेश यादव विगत दो दशकों से संगठन के लिए पूरी निष्ठा से सक्रिय थे। वे पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रहे और उनकी पत्नी चंदा यादव जिला पंचायत सदस्य हैं। निधन के कुछ समय पूर्व तक वे एमएलसी मतगणना केंद्र पर पार्टी के दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इस दौरान पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव और ओमप्रकाश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!