यातायात माह नवम्बर-2026 का भव्य शुभारम्भ, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी

यातायात माह नवम्बर-2026 का भव्य शुभारम्भ, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स की जागरूकता रैली

आज दिनांक 02.11.2026 को पुरानी बस स्टैण्ड कर्वी, जनपद चित्रकूट से यातायात माह नवम्बर-2026 का शुभारम्भ पुरानी बस स्टैण्ड कर्वी से जिलाधिकारी चित्रकूट श्री पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा माननीय जनप्रतिनिधी पूर्व सांसद श्री आर0के0 पटेल, पूर्व सांसद श्री भैरों प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंत्री श्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक चित्रकूट-बांदा श्री पंकज अग्रवाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष कांत राय,क्षेत्राधिकारी नगर श्री सत्येन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात श्रीमती करिश्मा गुप्ता, यातायात प्रभारी श्री हरीराम यादव,प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी श्री अभयराज राज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक एवं जिम्मेदार बनाना है।
यातायात माह के शुभारम्भ अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट तथा उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां बरतने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा यातायात नियमों के पालन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना, नशे की हालत में वाहन न चलाना तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
यातायात माह नवम्बर-2026 के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाया जाएगा।
चित्रकूट पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। आपका सावधानीपूर्वक वाहन चलाना किसी के जीवन को बचा सकता है।
सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा।
चित्रकूट पुलिस




