टॉप न्यूज़

आसमान में सूर्य किरण का शौर्य, हैरतअंगेज करतब देख ठहर गई बनारसियों की नजर

लालमन प्रसाद सम्पादक कनक टूडे

आसमान में सूर्य किरण का शौर्य, हैरतअंगेज करतब देख ठहर गई बनारसियों की नजर

 

 

वाराणसी. नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखने के लिए रविवार को श्रद्धालुओं और दर्शकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. नमो घाट, बहादुरपुर, अवधूत भगवान राम घाट, डोमरी, कटेसर और सुजाबाद घाट पर भारी भीड़ जुटी. घाटों पर जगह कम पड़ने के बाद भी लोगों का पहुंचना जारी रहा. भीड़ के कारण कई लोगों को घाट तक पहुंचने में परेशानी हुई. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पैदल ही नमो घाट से पड़ाव चौराहे की ओर पहुंचने लगे.

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजघाट पुल पार कर दो लाख से ज्यादा लोग पैदल पड़ाव चौराहे पहुंचे. वहीं, पूरे आयोजन के दौरान आठ से दस लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान जताया गया. हालांकि, भीड़ के इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. एयर शो देखने के लिए वाराणसी के अलावा चंदौली जिले के मुगलसराय, सैयदराजा, चकिया, सकलडीहा, बबुरी, नौगढ़, धानापुर और कमालपुर समेत आसपास के क्षेत्रों तथा बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. लोग अपने मोबाइल फोन से विमानों के करतब का वीडियो बनाने, तस्वीरें खींचने और सेल्फी लेने में जुटे रहे.

भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के नौ विमानों ने आसमान में एक साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए. विमानों के बीच बेहद कम दूरी रखते हुए किए गए लूप, बैरल रोल और अन्य रोमांचक करतबों को देखकर दर्शक उत्साहित नजर आए. आसमान में धुएं के जरिए तिरंगे की आकृति बनाने वाले प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया. इसके साथ ही सात सारंग हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन का लोगों ने खूब आनंद लिया.

पड़ाव चौराहे पर लगातार अनाउंसमेंट

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पड़ाव चौराहे के सर्कुलेटिंग एरिया को नियंत्रित क्षेत्र घोषित करते हुए लोगों को बैरिकेडिंग से करीब 20 मीटर दूर रहने के निर्देश दिए. मौके पर तैनात मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारी लगातार लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते रहे. प्रशासन की ओर से लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने, बच्चों और परिजनों के साथ रहने तथा भीड़ में सावधानी बरतने की सलाह दी गई. एयर शो को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम किए गए थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!