

खाकी का खौफ हुआ खत्म! दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में भड़के चंद्रशेखर, कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कह दी बड़ी बात..
लखनऊ. दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. जिसे लेकर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम लुधौरा में कल शाम दलित युवक मनोज कुमार की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना बेहद दुखद, शर्मनाक और चिंताजनक है.आगे उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों के अनुसार, जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों से हमला किया गया. बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट की गई. अस्पताल ले जाते समय मनोज कुमार की मृत्यु हो गई. इस गंभीर घटना के बावजूद अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है.आगे चंद्रशेखर ने कहा कि यूपी सरकार से हमारी मांग है कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की स्थानीय टीम घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. हम पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. इस दुःखद घड़ी में मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. प्रकृति उन्हें इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे.




