क्राइम

ममता हुई शर्मसार: डेढ़ साल के मासूम की मां ने की बेरहमी से हत्या, सांसें थमने तक गर्दन पर बैठी रही

लालमन प्रसाद सम्पादक कनक टूडे

ममता हुई शर्मसार: डेढ़ साल के मासूम की मां ने की बेरहमी से हत्या, सांसें थमने तक गर्दन पर बैठी रही

 

20 दिन पहले बड़ी बेटी पर भी किया था लाठी से हमला

मानसिक बीमारी से जूझ रही महिला हिरासत में, चार महीने से ग्वालियर में चल रहा था इलाज

 

 

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन में मां और बच्चे के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोटरा थाना क्षेत्र के सीकरी व्यास गांव में मंगलवार तड़के एक महिला पर अपने ही डेढ़ साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले मासूम को अपने पास बुलाया और फिर उसकी गर्दन पर बैठ गई। सुबह जब पति की नजर बच्चे पर पड़ी तो वह पत्नी को बच्चे की गर्दन पर बैठा देखकर सन्न रह गया। उसने तत्काल पत्नी को हटाया, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।जानकारी के मुताबिक, सीकरी व्यास गांव निवासी राजेश बरार मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। करीब दस वर्ष पहले उनकी शादी हमीरपुर जिले के बंगरा गांव की रहने वाली पारो (28) से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय ऋषभ, छह वर्षीय रश्मि, चार वर्षीय मोहिनी और डेढ़ वर्षीय रितिक शामिल हैं। राजेश के माता-पिता भी परिवार के साथ रहते हैं।परिजनों के मुताबिक, पारो पिछले कई महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थी। करीब चार महीने से ग्वालियर में उसका उपचार भी चल रहा था। वह पहले भी तीन बार घर से कहीं चली गई थी, जिसके बाद राजेश उसे तलाश कर वापस लाया था। उसके व्यवहार में अचानक बदलाव और गुस्से के कारण बच्चे भी उसके पास सोने से डरते थे। छोटा बेटा रितिक अधिकतर अपनी दादी शांति या दादा परमानंद के पास सोता था।

दादा के पास सो रहा था मासूम, मां उठाकर ले गई

मंगलवार सुबह करीब चार बजे रितिक अपने दादा परमानंद के पास लेटा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पारो उसे उठाकर अपने पास ले गई। सुबह करीब पांच बजे राजेश की नजर बच्चे पर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। पारो बच्चे की गर्दन पर बैठी थी और उसके हाथ भी गर्दन पर थे। राजेश ने तत्काल पत्नी को हटाया, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। बच्चे के गले पर दबाव के निशान भी मिले।

घटना की सूचना राजेश ने तत्काल पुलिस की आपात सेवा को दी। सूचना मिलते ही कोटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पति की तहरीर पर पुलिस ने पारो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

20 दिन पहले बड़ी बेटी पर भी किया था हमला

परिजनों ने बताया कि पारो का गुस्सा कई बार इस कदर बढ़ जाता था कि वह बच्चों के साथ भी मारपीट करने लगती थी। करीब 20 दिन पहले छह वर्षीय बेटी रश्मि घर में खेल रही थी। उसके शोर मचाने पर पारो गुस्से में आ गई और वहां रखी लाठी से बेटी पर हमला कर दिया था। इस घटना में रश्मि को चोट आई थी। परिवार के लोगों के मुताबिक, महिला के व्यवहार से बच्चे सहमे रहते थे।

क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। महिला पर अपने डेढ़ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मानसिक बीमारी में व्यवहार बदलने पर समय रहते उपचार जरूरी

मनोरोग विशेषज्ञ अर्चना विश्वास के अनुसार, कुछ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में व्यक्ति के व्यवहार और भावनाओं पर नियंत्रण प्रभावित हो सकता है। गंभीर तनाव, अवसाद, बाइपोलर डिसऑर्डर, मनोविकृति, नींद की कमी और अन्य मानसिक या शारीरिक समस्याएं इसके पीछे कारण हो सकती हैं।

ऐसी परिस्थितियों में व्यक्ति छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ा हो सकता है। उसके व्यवहार में अचानक बदलाव, असामान्य शक, गुस्सा और आक्रामकता दिखाई दे सकती है। कुछ गंभीर स्थितियों में वास्तविकता को समझने और सही-गलत का आकलन करने में भी परेशानी हो सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, व्यवहार में लगातार बदलाव, असामान्य गुस्सा, नींद और खानपान में परिवर्तन तथा खुद या दूसरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में योग्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से समय पर परामर्श और उपचार कराना जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति के व्यवहार से बच्चों या परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा को खतरा हो तो उन्हें सुरक्षित रखना और तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!